48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर। देवास जिले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। दोस्ती की आड़ में की गई इस हत्या का खुलासा शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सामान भी जब्त कर लिया है।
मामला थाना कमलापुर क्षेत्र के ग्राम भमोरी के पास जंगल का है, जहां 1 फरवरी को सतीश पाटीदार नामक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटनास्थल से कोई ठोस सुराग न मिलने के कारण शुरू में इसे अंधा कत्ल माना जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर मृतक के करीबी दोस्त जितेंद्र पाटीदार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के चलते आरोपी ने सतीश को खेत दिखाने के बहाने जंगल में बुलाया और वहां लोहे के पाइप से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस को गुमराह करने के लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद रहा और सामान्य लोगों की तरह बातचीत करता रहा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
