सागर/शाहगढ़, पुष्पेन्द्र यादव। सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम निबाही में सिंचाई विभाग की सरकारी पिचन के पत्थर उठाने से मना करने पर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
घायल हरिसिंह यादव के अनुसार, राना राजा, शिवाजी राजा और गिन्नी राजा सिंचाई विभाग की पिचन में लगे पत्थर कथित रूप से उठा रहे थे। हरिसिंह ने इसका विरोध करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की बात कही। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने हरिसिंह यादव के साथ मारपीट की और कुल्हाड़ी से तीन-चार बार हमला कर दिया। हमले में हरिसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने मामले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
शाहगढ़ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने पर थाना प्रभारी संदीप खरे और शाहगढ़ पुलिस की सराहना की है।




