छतरपुर, संदीप यादव। जिले की पड़रिया चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरार में जमीनी विवाद को लेकर एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़त नरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि रविवार देर रात गांव के आदित्य विश्वकर्मा ने अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने नरेंद्र के साथ उनकी पत्नी लक्ष्मी कुशवाहा से भी मारपीट की।
पीडि़त के मुताबिक शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस की मदद से घायल नरेंद्र और उनकी पत्नी लक्ष्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया।
नरेंद्र कुशवाहा का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे आदित्य विश्वकर्मा अपने 10 से 15 साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गया। आरोप है कि यहां भी नरेंद्र पर हमला करने का प्रयास किया गया और छुरे से हमला करने की कोशिश की गई। अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जिससे बड़ी घटना टल गई।
जिला अस्पताल में हुए घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट और विवाद की स्थिति दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में विवाद होने से वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पीडि़त पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत पड़रिया चौकी पुलिस से की है। फिलहाल नरेंद्र कुशवाहा और उनकी पत्नी लक्ष्मी कुशवाहा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। प्रारंभिक तौर पर विवाद के पीछे जमीन संबंधी मामला बताया जा रहा है। पुलिस शिकायत और सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।




