क्वेटा। बलूचिस्तान के वाशुक जिले के मशकेल इलाके में फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) के एक कैंप पर हुए हमले में 18 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया है। मीडिया को जारी बयान में बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने कहा कि यह हमला एक अक्टूबर को मशकेल के गोरिंदर इलाके में एफसी की 58वीं विंग के कैंप पर किया गया था। उन्होंने दावा किया कि हमले में संगठन की हाल ही में बनाई गई महिला यूनिट 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' (केएएडी) के लड़ाकों और कुरबान यूनिट के सदस्यों ने मिलकर हिस्सा लिया।
बयान के मुताबिक, हमलावरों ने कैंप को कई तरफ से घेर लिया और रॉकेट, ग्रेनेड लॉन्चर और दूसरे हथियारों से हमला किया।
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएलएफ ने दावा किया कि इलाके में मदद के लिए भेजे गए पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर भी हमला किया गया, जिसमें और लोग हताहत हुए। संगठन ने दावा किया कि मारे गए सुरक्षाकर्मियों के शवों को बाद में हेलीकॉप्टर से पंजगुर ले जाया गया। बीएलएफ ने पाकिस्तानी सेना पर मारे गए लोगों की संख्या और उनकी पहचान छिपाने का आरोप भी लगाया।
बीएलएफ ने अपनी नई महिला विंग की इस हमले में भागीदारी को एक बड़ा घटनाक्रम बताया। संगठन का दावा है कि करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन ने इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। इस यूनिट का गठन हाल ही में किया गया था और इसका नाम दिवंगत बलूच राजनीतिक कार्यकर्ता करीमा बलोच के नाम पर रखा गया है।
ये घटनाएं ऐसे समय सामने आई हैं, जब हाल के दिनों में बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और पुलिस को निशाना बनाकर बलूच हथियारबंद समूहों के हमले बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। इन हमलों में जानमाल के नुकसान के साथ बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने बीएलएफ ने दावा किया था कि उसकी नई महिला यूनिट 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के हमलों में नौ पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए थे। बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच के मुताबिक, 22 सितंबर को बलूचिस्तान में तुरबत के पास जुसाक इलाके में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के हाईवे पर तीन गाड़ियों वाले क्विक रिस्पॉन्स फोर्स (क्यूआरएफ) के काफिले पर हमला किया गया था।
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएलएफ ने दावा किया कि 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के लड़ाकों के इस हमले में छह पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए।
ग्वाहराम बलोच ने कहा कि इस ऑपरेशन में बीएलएफ की कुरबान यूनिट ने भी 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' की मदद की। उन्होंने दावा किया कि दोनों यूनिट ने पाकिस्तानी बलों की ओर से उन्हें घेरने की कोशिश को नाकाम किया और वहां से निकलने में अपने लड़ाकों की मदद की।
बयान के मुताबिक, हमले में पाकिस्तानी सेना की कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। बीएलएफ प्रवक्ता ने कहा कि हमले के दौरान कुरबान यूनिट का लड़ाका चाकर मुराद उर्फ दिलीप जान मारा गया। ग्वाहराम बलोच ने दावा किया कि 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के लड़ाकों ने बलूचिस्तान के कलात जिले की मंगुचर तहसील में क्वेटा-कराची हाईवे पर तीन जगह नाकेबंदी की थी।
बयान के मुताबिक, मंगुचर बाजार की ओर से एक बख्तरबंद गाड़ी और दो दूसरी गाड़ियों में आ रहे पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के लड़ाकों ने हमला किया। बीएलएफ ने दावा किया कि इस हमले में दो पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए।












