इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। मारीमाता चौराहे से 4 किलो 65 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ में सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क से जुड़े बड़वानी के दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


क्राइम ब्रांच ने पहले सागर गौड़ को गिरफ्तार किया था। आरोपी मारीमाता चौराहे पर फूलों की दुकान चलाता था और इसी की आड़ में गांजे की तस्करी करने का आरोप है। उसके कब्जे से 4 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क की कड़ियां जुड़ने पर पुलिस ने बड़वानी निवासी मोहन शर्मा और महेश सोलंकी को गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 के तहत कार्रवाई की गई है। अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजे की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।