उमरिया, तपस गुप्ता। लगातार हो रही बारिश का असर अब सब्जियों के बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। खेतों से सब्जियों की आवक कम होने के कारण टमाटर, भिंडी समेत कई हरी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। अचानक बढ़ी कीमतों से आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित हुआ है। महंगाई के चलते ग्राहक पहले की तुलना में कम मात्रा में सब्जियां खरीद रहे हैं।
बारिश से घट गई खेतों से आवक
सब्जी विक्रेता रघुवीर केवट के अनुसार लगातार बारिश के कारण खेतों से सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। आवक कम होने से बाजार में सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। बीते रविवार तक करीब 40 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं कई अन्य सब्जियों की कीमतों में भी 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
भिंडी भी 50 रुपये किलो तक पहुंची
भिंडी के दाम में भी तेजी आई है। पहले 30 से 40 रुपये किलो तक बिकने वाली भिंडी अब करीब 50 रुपये किलो में मिल रही है। सब्जियों की कीमत बढ़ने का असर बाजार में ग्राहकों की खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है। विक्रेताओं के मुताबिक पहले ग्राहक दो से तीन किलो तक सब्जियां खरीदते थे, लेकिन अब कई लोग आधा किलो या एक पाव में ही काम चला रहे हैं।
गृहणियों के लिए बिगड़ा घरेलू बजट
गृहणी माला गुप्ता ने बताया कि सब्जियों के लगातार बढ़ते दामों के कारण सीमित आमदनी में घर का बजट संभालना मुश्किल हो रहा है। पहले सप्ताहभर की सब्जियां एक साथ खरीद ली जाती थीं, लेकिन अब कीमतों को देखते हुए जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं।
आवक सामान्य होने पर राहत की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। लोगों को उम्मीद है कि बारिश थमने और खेतों से सब्जियों की आवक सामान्य होने के बाद बाजार में कीमतों में कुछ राहत मिल सकती है।











