भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भाजपा सरकार के युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जेन-जी युवा मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं और राहुल गांधी ने उनकी आवाज को मजबूती से समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों में युवा स्वयं पहुंचते हैं, जबकि भाजपा को युवाओं को गाड़ियों में भरकर लाना पड़ता है।


पीसी शर्मा ने राहुल गांधी के सत्याग्रह पोर्टल को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि एक ही पोर्टल पर आंदोलनों से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। कांग्रेस युवाओं, किसानों और महिलाओं के मुद्दों को पूरी ताकत से लोकसभा में उठाएगी।


भाजपा द्वारा 2003 से पहले की कांग्रेस सरकार की हकीकत बताने के लिए फिल्म दिखाने की योजना पर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इसका स्वागत करती है। उन्होंने सुझाव दिया कि फिल्म में पंचायती राज, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, गुरुजी व्यवस्था, एक्सीलेंस स्कूल-कॉलेज और बिजली संयंत्रों जैसे कार्यों को भी जगह दी जानी चाहिए।


उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह चुनाव मोड में आ चुकी है। दिल्ली में प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में संगठन सृजन अभियान की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।


शिक्षक भर्ती परीक्षा के वर्ग-1, 2 और 3 के अभ्यर्थियों के आंदोलन को भी कांग्रेस ने समर्थन दिया है। वर्ग-2 और 3 के अभ्यर्थियों के धरने में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगी और दोपहर 12 बजे डीपीआई तक मार्च निकालकर समर्थन जताएंगी। वर्ग-1 और टीईटी अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन को भी कांग्रेस का समर्थन मिलेगा।