भोपाल, जीतेन्द्र यादव। वर्ग-1 के शिक्षकों ने पद वृद्धि की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर आज मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की कोशिश की। बाढ़ गंगा इलाके में पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आगे बढ़ने से रोक दिया।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि पद वृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार की मांग कई सालों से लंबित है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते उन्हें सीएम हाउस तक पहुंचने नहीं दिया गया।
पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर रखा था। बैरिकेडिंग के कारण शिक्षकों का जुलूस वहीं रुक गया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने की कोशिश जारी रखी।
स्थानीय प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। शिक्षकों का कहना है कि अगर मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।











