भोपाल। भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर शर्मा ने वीर भारत न्यास को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं और वे सरकारी दस्तावेजों को बहुत अच्छी तरह से और गहराई से समझते हैं। वीर भारत न्यास पूरी तरह से एक सरकारी न्यास है और इस मामले में दिग्विजय सिंह ने बयान देकर खुद जीतू पटवारी की आंखें खोल दी हैं। उन्होंने जीतू पटवारी को नसीहत देते हुए कहा कि वे कांग्रेस की अंदरूनी अंतर्कलह के चक्कर में किसी पर भी तथ्यहीन आरोप लगाकर कीचड़ उछालने का काम न करें।


इसी दौरान छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लापता होने के लगे पोस्टरों पर चुटकी लेते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी गायब भी रहेंगे, तब भी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संपूर्ण मध्य प्रदेश का समान रूप से विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता जो भी काम भाजपा कार्यकर्ताओं को बताएगी, हम पूरी निष्ठा से उनका काम करेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हम राहुल गांधी नहीं हैं जो अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का अपमान कर दें। हम कमलनाथ जी का पूरा सम्मान करते हैं, वे एक बेहद वरिष्ठ नेता हैं और भाजपा उनका अपमान कभी नहीं कर सकती।


इसके साथ ही मानसून के सीजन को देखते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने जर्जर मकानों में रह रहे नागरिकों से भी एक भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अत्यंत अमूल्य है, इसलिए जर्जर और खतरनाक हो चुके मकानों में रह रहे लोग अपने और अपने परिवार की जिंदगी को ध्यान में रखते हुए तुरंत उन मकानों को खाली कर दें। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इसकी जानकारी नगर निगम और जिला प्रशासन को दें। वहीं, उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि जिला और नगर निगम प्रशासन पूरी न्याय प्रक्रिया का ध्यान रखते हुए इन जर्जर मकानों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।