भाजपा पार्षद की पत्नी की चाकू मारकर हत्या, पारिवारिक सदस्य पर शक

Advertisement
मंदसौर(ललितशंकर धाकड़)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गुरुवार शाम को एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने ऑटो में बैठते समय ताबड़तोड़ धारदार चाकू से वार किए, जिससे रुबीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे अभिनंदन क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, रुबीना अपने पिता के घर से ऑटो से किराए के मकान लौट रही थीं। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने मौके पर पहुंचकर हमला बोल दिया। बाइक से उतरकर एक युवक ने अचानक चाकू से कई वार किए और वारदात के बाद दोनों फरार हो गए।
प्रारंभिक पुलिस जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद का मजबूत एंगल सामने आ रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साहिल नामक युवक पर इस हत्याकांड को अंजाम देने का मुख्य संदेह है, जो परिवार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। कुछ रिपोट्र्स में साहिल को पार्षद शाहिद मेव का सौतेला बेटा और उनकी अन्य पत्नी का बेटा बताया गया है। पुलिस इस संबंध को गहराई से खंगाल रही है।
मृतका रुबीना पार्षद शाहिद मेव की तीसरी पत्नी थीं, जबकि रुबीना का यह चौथा विवाह था। पुलिस ने इस तथ्य को भी जांच में शामिल किया है और पारिवारिक तथा निजी विवादों से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है ताकि हमलावरों की सटीक पहचान और उनकी भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।
फिलहाल मृतका का शव जिला चिकित्सालय में रखा गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में कई टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। एसपी विनोद मीना ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
