बांदा, अनवर रजा। स्थानीय पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है और एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है, क्योंकि चोरों ने खुद के पड़ोसियों के घरों को ही अपना निशाना बनाया था।
पड़ोसियों को बनाया मोहरा
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अतर्रा थाना क्षेत्र में हुई चोरियों की तहकीकात के दौरान यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि चोर कोई बाहरी नहीं बल्कि आसपास के ही लोग थे। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान चित्रकूट निवासी सत्येन्द्र उर्फ सत्यम के रूप में हुई है, जबकि उसकी संलिप्तता में एक बाल अपचारी बालिका को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पड़ोसियों के घरों की रेकी की और सूनेपन का फायदा उठाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंच ही गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने जाल बिछाया, तो दोनों आरोपियों की संलिप्तता पूरी तरह स्पष्ट हो गई, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में जेवरात और वाहन बरामद कर लिए।

















