माउंट माउंगानुई। भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांचवें वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 22 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की वनडे सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया। न्यूजीलैंड को अपने घर में 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने के बाद हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के अपनी सरजमीं पर सात साल से जारी विजय रथ पर ब्रेक लगाया। न्यूजीलैंड ने साल 2019 से लेकर 2025 तक अपनी धरती पर खेली गई 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज में जीत दर्ज की थी।

हालांकि, टीम अपने जीत के इस अभियान को भारत के खिलाफ बरकरार नहीं रख सकी। टीम इंडिया ने सीरीज के पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया। दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 4 रनों से जीत दर्ज की, जबकि तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ा।

चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने जोरदार वापसी करते हुए भारत को 244 रनों के बड़े अंतर से हराया। हालांकि, टीम आखिरी और निर्णायक वनडे मुकाबले में अपना प्रदर्शन दोहरा नहीं सकी।

वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड से ज्यादा घर में द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम है। साउथ अफ्रीका ने 2002 से लेकर 2009 तक अपनी सरजमीं पर खेलते हुए लगातार 17 द्विपक्षीय वनडे सीरीज को अपने नाम किया था।

वहीं, पांचवें वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और भारत से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम 48.1 ओवर में 187 रन बनाकर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की तरफ से डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि मिचेल सैंटनर ने 24 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट निकाले।

इससे पहले, भारत की पूरी टीम 42.1 ओवर में 209 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की तरफ से ईशान किशन और अक्षर पटेल ने 46-46 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।