सतना, सजल कुमार रजक: दीपावली के त्योहार से ठीक पहले सतना में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। सतना बस स्टैंड पर एक वाहन से भारी मात्रा में मिलावटी खोवा, मिल्क केक और मोतीचूर के लड्डू की बूंदी का जखीरा बरामद किया गया है। जब्त की गई कुल खाद्य सामग्री का वजन करीब साढ़े चार क्विंटल है, जिसे लोगों की सेहत से बड़ा खिलवाड़ बताते हुए विभाग ने तत्काल कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह संदिग्ध खेप उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक वाहन के जरिए सतना पहुंचाई गई थी। इस सामग्री को न सिर्फ सतना शहर बल्कि आसपास के अन्य जिलों में भी सप्लाई किए जाने की योजना थी। बरामद किए गए सभी उत्पादों पर 'R S ब्रांड' का नाम अंकित पाया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में सामने आया कि इन खाद्य पदार्थों के पैकेटों पर सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी 'मैन्युफैक्चरिंग डेट' और 'एक्सपायरी डेट' जैसी कोई जानकारी दर्ज नहीं थी। इसके अलावा, पैकेटों पर उत्पाद की लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों का भी खुलेआम उल्लंघन पाया गया। इस पूरे मामले में तीन लोगों के संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है, जिनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में मिलावटी और अमानक मिठाइयों की बढ़ती खपत और सप्लाई की आशंका के मद्देनजर इस कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने और दस्तावेजों की गहराई से पड़ताल करने के बाद आगे की वैधानिक और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















