सागर, जीशान खान। सागर जिले के बंडा में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सागर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई, जब कई दिनों से फरार चल रहे ₹30,000 के इनामी आरोपी शिवांश को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ (शॉर्ट एनकाउंटर) के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बहरोल के घने जंगलों में अंजाम दी गई।
जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस को मुखबिर तंत्र से सूचना मिली थी कि बंडा कांड का फरार आरोपी शिवांश बहरोल के जंगली इलाके में छिपा हुआ है और ठिकाना बदलने की फिराक में है। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, तो आरोपी ने पुलिस बल पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
अस्पताल में भर्ती, कई गंभीर धाराओं में दर्ज हैं मुकदमे
मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने घायल शिवांश को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज जारी है। उल्लेखनीय है कि बंडा जहरीली शराब कांड में मौतों और अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं तथा आबकारी अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹30 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब अस्पताल से छुट्टी मिलते ही आरोपी को रिमांड पर लेकर शराब सिंडिकेट के अन्य तारों की पड़ताल करेगी।




