भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला न्यायालय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। एमपी नगर स्थित अंबेडकर ब्रिज के नीचे आयोजित चलित न्यायिक कोर्ट के दौरान ट्रैफिक पुलिस और न्यायिक अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हूटर, काली फिल्म, अवैध नेम प्लेट और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगे वाहनों पर चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई को देखने और वीडियो बनाने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
यह अभियान भोपाल जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर संचालित किया गया। चलित न्यायिक कोर्ट में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) सहित चार न्यायिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को मौके पर रोककर उनका प्रकरण तैयार किया और तत्काल मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद चालान की कार्रवाई करते हुए वाहनों से अवैध हूटर, नेम प्लेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री हटाई गई।
अभियान के दौरान हूटर लगाने पर 3,000 रुपये तथा काली फिल्म लगाने पर 500 रुपये का चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही भोपाल पुलिस हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों पर भी विशेष निगरानी रख रही है।
पुलिस के अनुसार, राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर 14 से अधिक चेकिंग पॉइंट बनाकर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है।




