छतरपुर, संजय अवस्थी। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा शनिवार को झांसी-खजुराहो हाईवे पर संचालित रामाश्रय होटल एंड रेस्टोरेंट के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार तिवारी द्वारा किए गए निरीक्षण में खाद्य पंजीयन की वैधता अवधि समाप्त होने के बावजूद रेस्टोरेंट का किचन संचालित पाया गया।


निरीक्षण के दौरान किचन में साफ-सफाई का भी अभाव मिला। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा संबंधित नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने तत्काल होटल परिसर में संचालित किचन को शटडाउन कराते हुए खाद्य कारोबार बंद कराया।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. तिवारी ने बताया कि खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप वैध पंजीयन अथवा लाइसेंस के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।