मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के गरोठ इलाके में स्थित बरखेड़ा अंबेका गांव में प्रशासन ने नकली दूध बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री पर दबिश देकर बड़े रैकेट का खुलासा किया है। यह कार्रवाई रविवार शाम को गरोठ पुलिस, एसडीएम गरोठ और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

केमिकल और हाइड्रोजन परऑक्साइड बरामद, संचालक विनोद गुर्जर गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम को मौके से बड़ी मात्रा में नकली दूध और घी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक केमिकल, हाइड्रोजन परऑक्साइड तथा अन्य मिलावटी सामग्री मिली है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ही अवैध फैक्ट्री के संचालक विनोद गुर्जर को धर दबोचा और उसके खिलाफ कड़ी धाराओं में केस दर्ज किया।

दो महीने में चौथी बड़ी कार्रवाई: थम नहीं रहा मिलावट का काला कारोबार

मंदसौर जिले में बीते दो महीनों के भीतर नकली दूध फैक्ट्रियों पर प्रशासन की यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रहे छापों और सख्त कार्रवाई के बावजूद इलाके में मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।