भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी के अति व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र न्यू मार्केट में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की भनक लगते ही आसपास के व्यापारी और स्थानीय नागरिक तुरंत मदद के लिए आगे आए और अपने स्तर पर पानी व अन्य साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को खाली कराया, वहीं अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने मशक्कत कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, प्राथमिक स्तर पर आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है और न ही इस हादसे में हुए आर्थिक नुकसान का अंतिम आकलन हो पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।