मुंबई। 'बिग बॉस 20' के घर में काजी तौकीर की तबीयत खराब होने के बाद लव गिल से खाना मांगने और उसके बाद हुए ड्रामे को लेकर सोशल मीडिया और घर के अंदर काफी चर्चा हो रही है। इस पूरे मामले पर बिग बॉस सीजन 7 की विजेता और अभिनेत्री गौहर खान ने भी रिएक्ट किया है।
उन्होंने लव गिल के इस बर्ताव पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर पूछा कि क्या लव गिल का काजी के प्रति यह मददगार रवैया असली था या सिर्फ एक दिखावा (फेक) था।
अभिनेत्री गौहर खान ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कहती हैं, "अभी तक लगता था कि लव गिल अंदर से अच्छी लड़की है, लेकिन गलत संगत का असर भी बुरा ही होता है। तबीयत खराब होने की वजह से काजी ने लव गिल से खाना मांगा, तो लव ने तब तो हां कर दिया कि लेकर आती हूं। फिर मुझे लगा कि वाह, लव कितनी अच्छी लड़की है। कितने अच्छे तरीके से वह गई।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "अंदर जाते ही उसे अपने ग्रुप में लोगों से बोलने की क्या जरूरत थी कि काजी बोल रहा है कि मेरे लिए खाना लेकर आओ। मतलब एक सेकंड में आपने साफ कर दिया कि आप न तो अच्छे बन सकते हो और न ही उसका दिखावा कर सकते हो। जैसे लव गिल ने किचन में जाकर कहा कि काजी खाना मांग रहा है, तो स्काउट लव से बोलता है कि नहीं, तुम क्यों ले जाओगी, मैं ले जाता हूं।"
अभिनेत्री गौहर खान ने स्काउट की इस तरह की हरकत पर निराशा जताते हुए कहा, "स्काउट काजी के पास गया और उसे कितनी बुरी तरह से उसने खाना दिया। कोई किसी को इस तरह से खाना कैसे दे सकता है? ऐसे तो किसी जानवर को भी कोई खाना नहीं देता और यहां एक बीमार आदमी को बुरी तरह से खाना देकर चला गया। उसने यह भी नहीं कहा कि यह लो, खाना आ गया, खा लो। बस देकर चला गया और मुझे सच में लगता है कि काजी को भी अजीब लग रहा होगा, लेकिन उसने बदले में धन्यवाद किया और सिर्फ अंगूठा दिखा दिया। यार, इंसानियत भी नहीं बची इसमें।"
अभिनेत्री का कहना है कि इस वीकेंड का वार में सलमान खान इन सभी बातों जिक्र जरूर करें। उन्होंने कहा, "सलमान सर, प्लीज इस 'वीकेंड का वार' में स्काउट को समझाइए क्योंकि इस हफ्ते वे नकारात्मक लग रहा है। छोटी सी बात है कि जब एक टास्क चल रहा था, तो काजी सोफे पर बैठा हुआ था और उसके पीछे स्काउट बैठा हुआ था और काजी के कान के पास पैर लेकर बैठा था। ये एक सामान्य बात है कि आपको खुद में गलत लगेगा कि आप अपना पैर किसी के पास ऐसे नहीं रखेंगे और आम्रपाली जब उसी जगह पर बैठी, तो स्काउट ने अपना पैर हटा लिया था।
अभिनेत्री ने माही विज की तारीफ करते हुए कहा, "मैं सच में माही की प्रशंसा करना चाहूंगी, जिन्हें पता है कि पूरा घर उनके खिलाफ है और वे उसे बुरा कहने के कारण ढूंढ रहे हैं। माही जैसी भी है लेकिन उसका दिल साफ है। वह सिर्फ प्रतियोगिता के लिए किसी को नीचे गिराने नहीं आई है। उसे जो बोला जाता है, उसके बदले वह जवाब देती है। वह जैसी है, वैसी ही रहती है।"











