छतरपुर/लवकुश नगर, जावेद खान। लवकुश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत में पुलिस ने एक मुस्तैद कार्रवाई करते हुए एक निजी यात्री बस से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री का पार्सल बरामद किया है। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, जब्त की गई इस अवैध सामग्री की कीमत 1 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नमन बस सर्विस की एक यात्री बस रोजाना की तरह लवकुश नगर से सवारियां लेकर सतना की ओर रवाना हुई थी। बस अभी लवकुश नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ही थी कि इसी दौरान थाना पुलिस को एक सक्रिय मुखबिर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि उक्त यात्री बस में बेहद संदिग्ध और नियमों के विरुद्ध भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री का परिवहन किया जा रही है, जो किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है।
सूचना मिलते ही लवकुश नगर थाना प्रभारी और उनकी पुलिस टीम तत्काल एक्शन में आई। सुरक्षा के लिहाज से मामले को बेहद गंभीर मानते हुए पुलिस ने थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर तुरंत घेराबंदी (नाकेबंदी) लगा दी। जैसे ही नमन बस सर्विस की वह बस तय पॉइंट पर पहुंची, पुलिस बल ने उसे रुकवा लिया।
सघन तलाशी में निकले 7 बोरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
बस को रोकने के बाद पुलिस कर्मियों ने अंदर कदम रखा और गहन चेकिंग अभियान शुरू किया। सघन तलाशी के दौरान बस के भीतर रखे पार्सल और सामान वाले हिस्से से 7 बोरियों में बंद अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
जैसे ही बस में मौजूद आम यात्रियों को यह भनक लगी कि जिस बस में वे सफर कर रहे हैं, उसमें भारी मात्रा में बारूद और विस्फोटक पदार्थ ले जाया जा रहा है, पूरी बस में हड़कंप मच गया। यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और डर का माहौल देखा गया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सभी को शांत कराया और बरामद सामग्री को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया।
जांच में जुटी पुलिस
लवकुश नगर थाना पुलिस ने अवैध रूप से ले जाई जा रही इस विस्फोटक सामग्री को पूरी तरह जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बारीकी से इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग बस के चालक, परिचालक (कंडक्टर) और अन्य स्टाफ से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। कार्यवाही में मौजूद रहे थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी, एस आई बागरी, एएसआई कमला सिंह, प्रधान आरक्षक कमलेश बाजपेई, आरक्षक सूरज शर्मा, देव सिंह, बलराम अहिरवार, हृदेश नायक, अनिल छारी, सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।













