लखनऊ। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने भाजपा के गठबंधन धर्म को निभाते हुए कार्यक्रम में शामिल होकर रामविलास पासवान को नमन किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी इस मौके पर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम दयाल बाग स्थित एन इको रिसॉर्ट में आयोजित किया गया। सभा का आयोजन एलजेपी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने किया।

योगी ने कहा- रामविलास जी ने गरीबों और वंचितों के लिए जीवन समर्पित किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय रामविलास पासवान को सरल इंसान बताते हुए कहा कि वे सदैव गरीबों और वंचित लोगों के हित में काम करते रहे। उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। योगी ने कहा कि उनके सपनों को अब उनके पुत्र चिराग पासवान पूरा कर रहे हैं।

चिराग पासवान बोले- यूपी से था पिता का गहरा लगाव, 2027 को लेकर तैयारियां शुरू

चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि उनके पिता इतनी जल्दी चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और उत्तर प्रदेश कैडर की मांग पर पुण्यतिथि का कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित किया गया। चिराग ने कहा कि रामविलास पासवान को उत्तर प्रदेश से बेहद गहरा लगाव था। पार्टी लंबे समय से यूपी में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर भी पार्टी की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों से अच्छे संबंध रखते थे।

एनडीए के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) केंद्र सरकार में भी शामिल है। योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति को गठबंधन धर्म निभाने के रूप में देखा जा रहा है।