बालाघाट, रितेश सोनी। भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अमन गांधी की नियुक्ति के बाद पारिवारिक विवाद सामने आया है। अमन गांधी की भाभी पूजा गांधी ने कोतवाली थाने पहुंचकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपने छह वर्षीय बेटे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा प्रदेश के 19 जिलों में जिला अध्यक्षों एवं महामंत्रियों की नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में बालाघाट जिले से अमन गांधी को युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद सामने आए इस पारिवारिक विवाद ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू कर दी है।

पूजा गांधी द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे उनके साथ मारपीट की घटना हुई। महिला ने कुलदीप गांधी, उमाकांत गांधी सहित अन्य लोगों पर घर में पहुंचकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में महिला ने बताया कि घटना के बाद से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

पीड़िता ने अपने छह वर्षीय मासूम बेटे की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने और स्वयं सहित बच्चे को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं, अमन गांधी की भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के तत्काल बाद पारिवारिक विवाद का पुलिस तक पहुंचना चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है और पुलिस की जांच एवं कार्रवाई के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में अमन गांधी एवं दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना भी बाकी है।