हैदराबाद, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम सरकार पूज्य पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों दक्षिण भारत के प्रवास पर हैं। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित श्री हनुमान कथा एवं दिव्य दरबार के प्रथम दिवस श्रद्धा, भक्ति और सनातन चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री के परिवार, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में सनातन समाज के लोग उपस्थित रहे। कथा का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इस दौरान पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू समाज से संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सनातन की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता है। उन्होंने कहा, "कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे", जिस पर श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ समर्थन व्यक्त किया।


कथा के प्रथम दिवस के समापन के बाद बागेश्वर सरकार हैदराबाद के मुचिंतल स्थित विश्वप्रसिद्ध स्टेच्यू ऑफ इक्वलिटी पहुंचे, जहां चिन्ना जीयर स्वामी ने 151 बटुक ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जगदाचार्य श्री रामानुजाचार्य की पंचधातु से निर्मित विशाल प्रतिमा के दर्शन कर परिक्रमा की और श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। चिन्ना जीयर स्वामी ने उन्हें भगवान रामानुजाचार्य के जीवन, उनके आध्यात्मिक दर्शन तथा समाज में समानता और समरसता स्थापित करने के लिए किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।


भ्रमण के दौरान बागेश्वर सरकार ने परिसर में स्थित विभिन्न आध्यात्मिक स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने भगवान के दर्शन किए तथा 108 दिव्य देशम विष्णु मंदिरों में भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने परिसर में स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। रात्रि में आयोजित भव्य लेज़र शो का भी अवलोकन किया, जिसमें भगवान रामानुजाचार्य के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है।


उल्लेखनीय है कि बागेश्वर सरकार का यह हैदराबाद का पहला प्रवास है। श्री हनुमान कथा, दिव्य दरबार और स्टेच्यू ऑफ इक्वलिटी सहित विभिन्न आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन के माध्यम से उन्होंने सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक एकता का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया। उनके प्रवास को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।