अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की सोमवार दोपहर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को सूचित किया कि मामले की जांच के लिए नई विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया गया है।


इस नई जांच टीम की कमान आईजी (IG) किरण एस को सौंपी गई है। टीम में अयोध्या के डीआईजी (DIG) सोमेन वर्मा, एसएसपी (SSP) गौरव ग्रोवर और एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।


सुप्रीम कोर्ट का रुख: जांच बंद नहीं होगी, SIT में फोरेंसिक ऑडिटर शामिल हो

चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने इस मामले पर सुनवाई की।


जांच का दायरा: CJI सूर्यकांत ने स्पष्ट किया, "हम इस जांच को बंद नहीं कर रहे हैं। चोरी के इस मामले में और भी सुधार के कदम उठाने होंगे।"


पूर्ण एक्सेस की हरी झंडी: पीठ द्वारा पूछे जाने पर कि क्या नई SIT को जांच के लिए हर चीज का एक्सेस (अधिकार) होगा, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सहमति व्यक्त की।


फोरेंसिक ऑडिटर का निर्देश: कोर्ट ने SIT में एक फोरेंसिक ऑडिटर को शामिल करने का निर्देश दिया है, जो वित्तीय अपराधों और गबन का पता लगाने के लिए खातों व रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच करेगा।


दो हफ्ते में स्टेटस रिपोर्ट: सुप्रीम कोर्ट ने SIT को निर्देश दिया है कि वह दो सप्ताह के भीतर अपनी जांच की स्टेटस रिपोर्ट अदालत में दाखिल करे। मामले की अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी, जिसमें रिपोर्ट के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।


वरिष्ठ अधिवक्ता देवदत्त कामत का सुझाव:

"लाखों श्रद्धालु श्रद्धा से छोटी-बड़ी राशि दान करते हैं। यदि वह धन ट्रस्ट तक नहीं पहुंच रहा है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। ट्रस्ट को प्राप्त होने वाले दान का विवरण एक सार्वजनिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।"


पहले विजय विश्वास पंत की अगुवाई में थी SIT

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित SIT की अध्यक्षता लखनऊ मंडल के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत कर रहे थे, जिसमें आईजी लखनऊ रेंज सदस्य थे।


सुप्रीम कोर्ट के आदेश और नए दिशा-निर्देशों के बाद अब आईजी किरण एस की अध्यक्षता में नई टीम का पुनर्गठन किया गया है। कोर्ट ने इससे पहले 20 जुलाई को यूपी सरकार को नए सिरे से SIT गठित करने के निर्देश दिए थे।


सभी 8 आरोपियों की आज एंटी करप्शन कोर्ट में पेशी

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के सभी आठों आरोपियों की आज एंटी करप्शन कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी:


  • रामशंकर यादव उर्फ 'टिन्नू'
  • अनुकल्प मिश्र
  • अविनाश शुक्ला
  • लवकुश मिश्रा
  • करुणेश पांडेय
  • रमाशंकर मिश्रा
  • मनीष यादव
  • सुभाष श्रीवास्तव (रिटायर्ड बैंक कर्मी)


सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए जेल में बंद इन सभी आठों आरोपियों की पेशी वर्चुअली कराई जा रही है।