ढाका। बांग्लादेश में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच खुलना जिले के दौलतपुर इलाके में अवामी लीग के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल हलीम शेख के रूप में हुई है। उन्हें मंगलवार रात दौलतपुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कल्पतरु मार्केट इलाके में गोली मारी गई थी।हलीम इससे पहले खुलना सिटी कॉरपोरेशन (केसीसी) के तहत अवामी लीग की वार्ड 4 इकाई के आयोजन सचिव (ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी) के रूप में काम कर चुके थे। घटना की पुष्टि करते हुए दौलतपुर पुलिस इंस्पेक्टर जाहिदुल इस्लाम ने बताया कि हमलावर बाइक पर आए, हलीम पर चार बार गोलियां चलाईं और फिर वहां से भाग गए।
बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट 'बीडीन्यूज24' की रिपोर्ट के मुताबिक, हलीम के सिर, छाती और आंख के कोने में गोलियां लगी थीं। हलीम को खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।
खुलना मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उत्तरी डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर सुदर्शन कुमार रॉय ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक हमले के मकसद और हमलावरों की पहचान का पता नहीं चल पाया है।
यह घटना खुलना में हाल ही में हुई गोलीबारी की कई घटनाओं के बीच सामने आई है। इनमें रंगदारी की धमकियों के बाद 'पालोंकी' रेस्तरां पर हुआ हमला, और लबानचारा, सदर तथा अरंगहाटा में हुई घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर तक खुलना जिले और शहर में 81 लोगों की हत्या हो चुकी है, जिनमें से 41 हत्याएं शहर में और 40 आसपास के इलाकों में हुई हैं।
गोलीबारी की घटनाओं में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्याओं, हत्या के प्रयासों और गोलीबारी की घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, जबकि पुलिस अवैध हथियारों को बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी और अभियान चला रही है।
हलीम की हत्या ऐसे समय में हुई है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अगले महीने देश लौटने की घोषणा के बाद अवामी लीग ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। पार्टी ने नरेल जिले में अपने सदस्यों के घरों और व्यवसायों पर हाल ही में हुई आगजनी की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि यह देश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का एक उदाहरण है।
अवामी लीग ने सवाल उठाया कि अगर बीएनपी सरकार को वास्तव में जनता का भरोसा हासिल है तो किसी विपक्षी नेता की वापसी या राजनीतिक भागीदारी को खतरे के रूप में क्यों देखा जाना चाहिए?
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच नरेल जिले के कालिया उपजिला में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के 50 से अधिक घरों और कई दुकानों में आग लगा दी गई।
आगजनी की ये घटनाएं 20 नवंबर की दोपहर को कालिया नगरपालिका के अंतर्गत आने वाले बेंदार चार गांव में हुईं।
अवामी लीग ने हमले की निंदा करते हुए कहा, "यह कोई मामूली घटना नहीं थी। यह राजनीतिक हिंसा का एक चिंताजनक मामला है, जिस पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच होनी चाहिए। लेकिन, जो बात इस घटना को और भी परेशान करने वाली बनाती है, वह यह है कि अधिकारी इस घटना की गंभीरता को कम करके दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, बजाय इसके कि वे जो कुछ हुआ, उसका पूरा और सही विवरण दें।"














