जबलपुर, अनुराग शुक्ला। पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और स्वच्छ एवं स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के उद्देश्य से एएसजी जबलपुर द्वारा 12 सितंबर को मेगा वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे से आयोजित अभियान में सीआईएसएफ, कदम संस्था तथा आर्ट ऑफ लिविंग की जबलपुर इकाई के कार्मिकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


अभियान के दौरान नीम, आंवला, बाँस, गुलमोहर सहित विभिन्न उपयोगी एवं पर्यावरण हितैषी प्रजातियों के पौधे रोपे गए। प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।


मेगा वृक्षारोपण अभियान श्री रमेंद्र सिंह, सहायक कमांडेंट/सीएएसओ के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सहभागी संस्थाओं के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।


इस दौरान प्रतिभागियों को वनीकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत एवं विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। साथ ही पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। साथ ही जन्मदिवस के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने की शपथ ली।

संयुक्त सहभागिता से आयोजित यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश दिया।