सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सीएनजी पंप के सामने हुआ, जहां यात्री बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं अनियंत्रित होकर सूत्र सेवा की यात्री बस भी सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार कई यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।


सीएनजी भरवाकर चौराहे की ओर आ रही थी कार, सामने से आई सूत्र सेवा बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा पासिंग अर्टिगा कार सीएनजी पंप से गैस भरवाने के बाद जैसे ही मुख्य सड़क से चौराहे की ओर बढ़ रही थी, तभी दमोह की ओर से सागर आ रही तेज रफ्तार सूत्र सेवा कंपनी की यात्री बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल उठे। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। स्थानीय राहगीरों और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला।


हरियाणा के भिवानी जिले के थे मृतक, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने शिनाख्त के बाद पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतक हरियाणा के भिवानी जिले के निवासी थे। मृतकों की पहचान शिवम मखीजा, गोलू उर्फ शुभम और विकास उर्फ विक्की मखीजा के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार दो अन्य घायलों सहित बस के घायल यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।


एसपी अनुराग सुजानिया ने लिया घटनास्थल का जायजा, जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार की स्थिति का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि दोनों वाहनों की गति, मोड़ पर लापरवाही और हादसे के तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। बहेरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।