देवरीकलाँ, त्रिवेन्द्र जाट। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के सर्वे कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर देवरी नगरीय क्षेत्र में लोगों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। लंबे समय से योजना की प्रगति ठप रहने और 1500 से अधिक आवेदकों के आवेदन लंबित होने से नाराज नागरिकों ने विशाल जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।


नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में नागरिक, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, नगरपालिका चौराहे से कचहरी परिसर तक रैली निकालते हुए पहुंचे और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक वर्ष पूर्व ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बावजूद अब तक सर्वे कार्य शुरू नहीं किया गया, जिससे पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित हैं।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अन्य नगरपालिकाओं में योजना के दूसरे चरण के तहत हितग्राहियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है, जबकि देवरी में प्रशासनिक लापरवाही और कथित राजनीतिक गुटबाजी के कारण योजना ठप पड़ी है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पारदर्शिता के चोरी-छिपे सर्वे सूची तैयार की जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ रही है।


नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर के सभी 15 वार्डों में शीघ्र सर्वे कार्य शुरू कराकर पात्र आवेदकों के खातों में राशि जारी की जाए, ताकि आवासहीनों को योजना का लाभ मिल सके।