छतरपुर। देश के प्रख्यात उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे और रिलायंस न्यू एनर्जी कंपनी के चेयरमैन अनंत अंबानी बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां बागेश्वर महाराज (धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री) ने मुद्गर, बलजीवी रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। बागेश्वर महाराज ने अनंत अंबानी को श्री बागेश्वर बालाजी, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के दिव्य दर्शन कराए और धाम की महिमा से अवगत कराया।

दर्शन के बाद दोनों ने देश, धर्म और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ बालाजी की आरती की। इसके बाद वे यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां दीं। इस दौरान अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की और काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया।

आपको बता दें कि कुद देर पहले वे एक विशेष विमान से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर स्थानीय सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और बागेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्यों ने मौजूदगी दर्ज कराई। सभी गणमान्य नागरिकों और समिति के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर बेहद गर्मजोशी के साथ उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद अनंत अंबानी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीधे बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गए।