छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के नौगांव तहसील अंतर्गत ग्राम भदेसर के एक युवक ने प्रेम विवाह करने के बाद अपने और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीडि़त युवक श्याम बाबू अहिरवार ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताडि़त करने, जान से मारने की धमकी देने और पिता पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।


पीडि़त श्याम बाबू अहिरवार ने बताया कि उसने और उसकी पत्नी प्रतीक्षा साहू ने अपनी सहमति से कोर्ट मैरिज की थी, जिसके बाद से ही लड़की के परिवार वाले रंजिश रखे हुए हैं। पीडि़त के अनुसार, आरोपी पक्ष उसके पिता हरिराम की हत्या करने का प्रयास भी कर चुके हैं, जिसकी प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले में आरोपियों को जमानत मिलने के बाद से उनका साहस और बढ़ गया है। पीडि़त का आरोप है कि बीते दिन जब उसकी भाभी अपने घर भदेसर गई, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरकर उन्हें वापस मायके लौटना पड़ा।


स्थानीय थाना पुलिस से मदद न मिलने की बात कहते हुए पीडि़त ने एसपी से अपने तथा अपने परिवार के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने और शांतिपूर्ण तरीके से घर में रहने हेतु आवश्यक कार्रवही करने की मांग की है।