भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माता काशी बाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स (AIIMS) में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय काशी बाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए सुबह 11 बजे से 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास (9बी) पर रखा गया, जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव जैत (जिला सीहोर) के लिए रवाना किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3 बजे ग्राम जैत में संपन्न होगा।
माता जी के अचानक निधन के कारण केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम रद्द कर भोपाल पहुंच गए हैं। आज वे मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित होने वाले 'पीएम किसान सम्मान निधि' (PM-KISAN) के राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन इस दुखद घटना के चलते वे इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
गौरतलब है कि आज ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से देश के 9.34 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के खातों में 24वीं किस्त के रूप में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर कर रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान के रायसेन कार्यक्रम में शामिल न हो पाने की सूचना आधिकारिक तौर पर दी गई है।













