सतना, अंबिका केशरी। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर चौकी के कैमा ग्राम स्थित सगमा मोड़ तालाब के किनारे एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे तथा उसके कपड़े भी फटे हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कैमा ग्राम के सरपंच मनोज कुमार रावत ने तालाब किनारे युवती को संदिग्ध अवस्था में देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय महिला छोटीबाई कोल की मदद से युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में पूछताछ के दौरान युवती काफी डरी-सहमी नजर आई और स्पष्ट रूप से घटना के संबंध में कुछ भी नहीं बता सकी। उसने अपना निवास मैहर जिला बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भी जिला अस्पताल पहुंचे तथा युवती की स्थिति और जांच की प्रगति की जानकारी ली। प्रथम दृष्टया युवती जिस हालत में मिली है, उससे किसी गंभीर घटना की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, युवती की पहचान की पुष्टि करने तथा पूरे घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि युवती के स्वस्थ होने और उसके विस्तृत बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।




