मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाहरगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 क्विंटल अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से राजस्थान के जोधपुर जिले के ओसियां निवासी जवाहरलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में डोडाचूरा भरकर राजस्थान की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फतेहगढ़ स्थित हनुमान मंदिर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान कचनारा की ओर से आई संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 4 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी जवाहरलाल विश्नोई को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली। पुलिस ने कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी दी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर डोडाचूरा के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।











