छतरपुर/नौगांव, विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले के नौगांव स्थित GCM कॉन्वेंट स्कूल में 18 वर्षीय मेस वर्कर की आत्महत्या से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पार्वती सिंह गौड़ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के जांच अधिकारी के अनुसार, थाने में एक युवती के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना स्कूल की प्रिंसिपल ने दी थी। मृतका की उम्र आधार कार्ड के अनुसार 18 वर्ष से अधिक है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है, जो मौके के लिए रवाना हो चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को स्कूल में दोपहर के समय किसी विवाद की जानकारी मिली है। इसके अलावा मृतका की अपनी बहन से मोबाइल पर बातचीत के दौरान बहस होने की बात भी सामने आई है। पुलिस व्यक्तिगत विवाद और बॉयफ्रेंड से जुड़े एंगल समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




