छतरपुर,विनोद मिश्रा। छतरपुर के सिटी कोतवाली थाने में उस समय हड़कंप मच गया जब पूछताछ के लिए बुलाया गया एक युवक पुलिस को चकमा देकर थाने से ही फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक के भागने की पूरी घटना कोतवाली में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जो अब चर्चा का विषय बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार युवक को एक मामले में पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। इसी दौरान उसने मौका पाकर पुलिस की निगरानी से खुद को छुड़ाया और अचानक दौड़ लगा दी। कुछ क्षणों के लिए पुलिसकर्मी भी स्थिति को समझ नहीं पाए और युवक थाने से बाहर निकलने में सफल हो गया।


जैसे ही युवक भागा, पुलिसकर्मियों ने भी उसके पीछे दौड़ लगा दी। सड़कों पर कुछ दूरी तक फिल्मी अंदाज में पीछा चलता रहा, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इस दौरान इलाके में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया।


पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक की घेराबंदी की और अंततः कड़ा की बरिया इलाके के पास उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद युवक को दोबारा कोतवाली लाया गया, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।