घर में घुसकर औरतों को पीटा...होली पर बवाल

Advertisement
छतरपुर,शिवम सोनी। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मलका में होली के त्योहार के दौरान शुरू हुआ छोटा-सा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित रंजीत अहिरवार ने बताया कि 5 मार्च को होली के रंग लगाने को लेकर बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद गांव के कुछ लोगों ने उनके घर पर पहुंचकर उनकी मां और बहनों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। उस समय परिवार के पुरुष सदस्य घर पर नहीं थे, जिससे महिलाएं काफी डर गईं।
अगले दिन 6 मार्च की सुबह करीब 8 बजे वही लोग दोबारा उनके घर आए और इस बार पत्थर, डंडे तथा लोहे की रॉड लेकर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार पर जमकर मारपीट की और हंगामा मचाया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए तुलाराम अहिरवार को भी पकड़कर उनके घर ले जाने की कोशिश की गई। घटना के बाद गांव में लंबे समय तक तनाव का माहौल बना रहा और दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रंजीत अहिरवार ने आरोप लगाया कि उन्होंने इसकी शिकायत गढ़ीमलहरा थाने में पहले ही दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपियों पर अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि कुछ आरोपी राजनीतिक पहुंच रखते हैं, जिसके कारण पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी हो रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
