मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले में गेहूं खरीदी व्यवस्था इस समय प्रभावित होती नजर आ रही है। स्लॉट बुकिंग नहीं होने के कारण किसान अपने गेहूं को लेकर खरीदी केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों और आय पर असर पड़ रहा है। शहर के भुनियाखेड़ी फंटा स्थित खरीदी केंद्र पर भालोट और रेवास देवड़ा गांव के किसानों की गेहूं खरीदी प्रस्तावित है, लेकिन केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
खरीदी केंद्रों पर सोसायटी के कर्मचारी पूरी तैयारी के साथ मौजूद हैं। बारदान, तोल कांटा सहित सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर दी गई है, बावजूद इसके किसानों की अनुपस्थिति बनी हुई है। कर्मचारी किसानों के आने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया में देरी के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इस समस्या के चलते किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द ही स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था सुचारू नहीं की गई, तो खरीदी प्रक्रिया और अधिक प्रभावित हो सकती है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ने की आशंका है।

