मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में पुलिसकर्मियों की कथित दबंगई का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने बड़ा एक्शन लिया है। राजस्थान सीमा से लगे क्षेत्र में स्थित मातेश्वरी ढाबे पर आधी रात को हुए हंगामे, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में भावगढ़ थाने के दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार, ढाबा संचालक ने आरोप लगाया था कि भावगढ़ थाने में पदस्थ आरक्षक दशरथ धनगर और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया ने उसके साथ मारपीट की तथा ढाबे में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, पीड़ित पर मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाने के भी आरोप लगाए गए। घटना के बाद ढाबे में हुई तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।


पीड़ित की शिकायत और वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया। मामले की प्रारंभिक जांच के बाद जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने दोनों आरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और कानून के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।