जतारा, सोनू विश्वकर्मा। टीकमगढ़ जिले के जतारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लार खुर्द में भीषण पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्या का समाधान करने की मांग की।


ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्रधानमंत्री नल-जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने सहित अन्य कार्य काफी समय पहले पूरे कर लिए गए थे, लेकिन आज तक योजना शुरू नहीं हो सकी है। इसके कारण गांव के लोगों को गर्मी के मौसम में पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नलों में पानी नहीं आने से उन्हें हैंडपंपों और नदी के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई बार हैंडपंप भी खराब हो जाते हैं, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना उनकी मजबूरी बन गई है। ग्रामीणों ने नदी के दूषित पानी से बीमारियों का खतरा भी जताया।


ग्रामीणों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नल-जल योजना चालू नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर पेयजल संकट का समाधान करने और प्रधानमंत्री नल-जल योजना को तत्काल शुरू कराने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम कार्यालय परिसर में काफी देर तक विरोध-प्रदर्शन चलता रहा।