छतरपुर, शिवम साहू। शहर के तालाबों के संरक्षण और जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में छतरपुर विकास मंच ने प्रदर्शन किया। मंच के अध्यक्ष अरविंद गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शहर के प्रमुख तालाबों की सफाई, सीमांकन और संरक्षण की मांग उठाई।


ज्ञापन में कहा गया कि शहर के कई ऐतिहासिक और प्रमुख तालाब अतिक्रमण, गंदगी और जलकुंभी की समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार हो रही उपेक्षा के कारण इन जल स्रोतों की जलधारण क्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे पर्यावरण संतुलन और भू-जल संरक्षण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।


विकास मंच ने सौरा तालाब, विंध्यवासिनी तलैया, गायत्री मंदिर तालाब, किशोर सागर तालाब, प्रताप सागर तालाब, रानी तलैया, संकट मोचन राव सागर तालाब, ग्वाल मगरा तालाब, सिद्धेश्वर कुंड, राम जानकी कुंड, सिंघाड़ी नदी और बागौता तालाब सहित अन्य जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। साथ ही व्यापक सफाई अभियान चलाने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।


ज्ञापन में तालाबों की सीमाओं का स्पष्ट चिन्हांकन कर स्थायी रूप से अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई। मंच के पदाधिकारियों ने संबंधित तालाबों की खसरा प्रतियां भी ज्ञापन के साथ प्रशासन को सौंपीं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जल स्रोतों के संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जल संकट और पर्यावरणीय समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।