मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर में विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध में लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। सरदार पटेल चौराहे पर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने झमाझम बारिश के बीच प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। कई प्रदर्शनकारी अपने घरों के बाहर लगे स्मार्ट मीटर खोलकर साथ लाए और उन्हें लेकर चौराहे पर बैठ गए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी बच्चों के साथ शामिल हुईं।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे परिवार का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना था कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ। इसके बाद लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताने का फैसला किया।


प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता दीपक सिंह गुर्जर ने किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर से आने वाले बिजली बिलों की जांच कर व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। जब तक बिलों और मीटरों से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं होता, तब तक नए स्मार्ट मीटर लगाने का काम रोका जाए।


चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपक कुमार ने प्रदर्शनकारियों से काफी देर तक बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत के दौरान अधिकारियों और प्रदर्शन कर रही कुछ महिलाओं के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए और चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।


वहीं, मामले में देर रात शहर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई की। बिना अनुमति और पूर्व सूचना के चक्काजाम करने के आरोप में कांग्रेस नेता दीपक सिंह गुर्जर सहित करीब 12 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर हुए इस प्रदर्शन के बाद अब लोगों की नजर विद्युत विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।