छतरपुर, शिवम सोनी। महाराजपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि परिजनों की एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी।


मृतका के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी देवी बंसल की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व महाराजपुर थाना क्षेत्र के ढिकपुरा निवासी उत्तम बंसल से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से बेटी को मायके आने-जाने और परिवार से मिलने नहीं दिया जाता था। पति और देवर द्वारा उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।


परिजनों के अनुसार 23 मई 2026 को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से श्मशान घाट में चिता पर लेटी उनकी बेटी की तस्वीर भेजी गई, जिससे उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने मृत्यु की सूचना तक परिवार को नहीं दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिपट और महाराजपुर थाने में शिकायत करने के बावजूद अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।


मायके पक्ष ने राज्य महिला आयोग एवं पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।