छतरपुर, शिवम सोनी। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, प्रताड़ना और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता प्रीति सोनी ने एसपी से न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब आठ वर्ष पूर्व बड़ा मलहरा निवासी संदीप सोनी से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज और पैसों की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाता रहा। महिला का आरोप है कि पति संदीप सोनी, ससुर हरचरण सोनी, सास लीला बाई सोनी एवं देवर आशीष सोनी आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। कई बार उसे घर से बाहर भी निकाल दिया गया।
महिला ने बताया कि ससुराल पक्ष द्वारा मायके से पैसे और हिस्से की मांग की जाती थी। विरोध करने पर उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर धमकियां दी गईं। पीड़िता का कहना है कि हाल ही में उसके साथ फिर मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं बड़ा मलहरा थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अब तक आरोपियों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने से पीड़िता ने नाराजगी जताई है। महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी और बच्चों की सुरक्षा के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी एवं न्याय दिलाने की मांग की है।




