नौगांव,कमल यादव। शहर के ईशानगर रोड स्थित आर्मी कैंट के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रक ड्राइवर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक ग्राम सलेहा का निवासी बताया जा रहा है, जो सीमेंट लोड कर नौगांव के एक व्यापारी के वेयरहाउस पर पहुंचा था। घटना लगभग सुबह 11:30 बजे की है, जब ड्राइवर ट्रक के ऊपर चढ़कर सीमेंट उतारने से पहले तिरपाल खोल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक के ठीक ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। जैसे ही ड्राइवर तिरपाल हटाने के लिए खड़ा हुआ, वह अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयावह था कि ड्राइवर का शरीर लगभग 40 प्रतिशत तक जल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नौगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही विद्युत विभाग को सूचित कर हाईटेंशन लाइन की सप्लाई बंद कराई गई, ताकि कोई अन्य व्यक्ति हादसे का शिकार न हो। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के हादसों को रोकने के लिए वेयरहाउस के आसपास गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसी संचालक पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे लापरवाही का मामला माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यह घटना क्षेत्र में शोक और आक्रोश का कारण बनी हुई है।

