डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर हुआ।
जानकारी के अनुसार परसवाह गांव के रहने वाले लोग सिलयारी गांव से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी पिकअप वाहन का टायर पंक्चर हो गया। रात करीब साढ़े 12 बजे वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर ड्राइवर टायर बदल रहा था, जबकि अन्य लोग पास में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।
इसी बीच अमरकंटक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने अनियंत्रित होकर पांच लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोग करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे। हादसे में पांचों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उदय प्रताप (20) को मामूली चोटें आईं, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद वाहन सड़क किनारे बनी मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय से टकराते हुए करीब 300 मीटर दूर जाकर रुका, जिससे वहां भी नुकसान हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कलेक्टर अंजू भदौरिया ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस से 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी। प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी कराई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े थे, हालांकि वे अलग-अलग गांवों में निवास करते थे।
मृतकों के नाम:
राजकरण (35), निवासी परसवाह
बिहारी (50), निवासी करबे मट्ठा
बिहारी का पुत्र (32)
पवन मरावी (35), निवासी परसवाह
बिसाहू धुर्वे (58), निवासी उफरी

