इंदौर। इंदौर जिले के महू क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। सिमरोल थाना क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई, जिसमें बैठा 4 साल का मासूम चिराग जिंदा जल गया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकला था। पिता पास ही इंदौर-खंडवा रोड पर एक डीजे वाहन में काम कर रहे थे, तभी जिस कार में बच्चा बैठा था, उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई कार के पास नहीं जा सका। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने कार के कांच तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कुलदीप खत्री (थाना प्रभारी) के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

