बाघिन मीरा ने तीन शावकों को दिया जन्म, कैमरा ट्रैप में कैद हुई नन्हीं किलकारियां

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर। देवास जिले के खिवनी वन्य प्राणी अभयारण्य से वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। यहां बाघिन मीरा ने तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। कैमरा ट्रैप में कैद हुई तस्वीरों में नन्हे शावक अपनी मां के साथ खेलते और शिकार करते नजर आए हैं, जिससे अभयारण्य में उत्साह का माहौल है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और अब वे शिकार भी खाने लगे हैं। बाघिन मीरा चारागाह क्षेत्र के नाले के पास आराम कर रही है। अनुमान है कि आने वाले कुछ सप्ताहों में शावक भी खुले चारागाह में दिखाई दे सकते हैं। फिलहाल उनकी संख्या और स्वास्थ्य की पुष्टि कैमरा फुटेज के आधार पर की गई है। परिवार के खुले में नजर आने के बाद ही अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।
अभयारण्य में बाघ युवराज और बाघिन मीरा का यह कुनबा बढ़ने से पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिली है। वन अधिकारियों ने बताया कि बाघों की बढ़ती संख्या संरक्षण प्रयासों की सफलता का प्रमाण है। शावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार का मानवीय हस्तक्षेप न हो सके।
