छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। मातगुवां थाना क्षेत्र के पिपोरा गांव में एक ही परिवार की तीन नाबालिग बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृत बच्चियों की पहचान 9 वर्षीय पूनम कुशवाहा, 5 वर्षीय मनीषा कुशवाहा और 9 माह की चाहत कुशवाहा के रूप में हुई है। तीनों बालमुकुंद कुशवाहा की बेटियां बताई जा रही हैं।


जानकारी के अनुसार, बच्चियों ने रात में आलू-बैंगन की सब्जी सहित खाना खाया था। इसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगडऩे लगी। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने बच्चियों का अंतिम संस्कार कर दिया था।


मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम पिपोरा गांव पहुंची। मौत के कारणों को लेकर संदेह होने पर प्रशासनिक अधिकारियों एसडीएम, तहसीलदार दुर्गेश तिवारी, ईशानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह, मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे सहित पुलिस बल की मौजूदगी में तीनों बच्चियों के शवों को बाहर निकलवाया जा रहा है। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने भोजन में इस्तेमाल सामग्री सहित अन्य संदिग्ध वस्तुओं को जब्त कर जांच के लिए भेजा है।


फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चियों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।