छतरपुर। छतरपुर जिले के बकस्वाहा कस्बे में एक युवक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लहूलुहान हालत में पीड़ित युवक मनीष जैन को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। इस हिंसक घटना के बाद से बकस्वाहा नगर में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मनीष जैन मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के घर के सामने पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व फरसा से अंधाधुंध हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के मुताबिक, हमलावर करीब आधे घंटे तक युवक को बेरहमी से पीटते रहे। जैन पर्व पर्युषण के चलते युवक कई दिनों से उपवास पर थे और धार्मिक परिधान में ही थे। घटना के दौरान पीड़ित के परिजनों और राहगीरों ने हाथ जोड़कर छोड़ने की मिन्नतें कीं, लेकिन हमलावरों ने मारपीट जारी रखी।
यह भी पढ़ें: पन्ना में विस्थापितों का 13वें दिन 'बेड़ी सत्याग्रह':हाथ-पैरों में जंजीरें बांधकर उतरे किसान और आदिवासी; बोले- बिना पुनर्वास डुबोए जा रहे गांव
परिजनों का सीधा आरोप है कि नगर पंचायत में हो रहे निर्माण कार्यों व कथित वित्तीय गड़बड़ियों की लगातार शिकायतें करने के चलते नगर पंचायत अध्यक्ष किरण सोनी व नीलू सोनी के परिजनों द्वारा रंजिश रखकर इस प्राणघातक हमले को अंजाम दिया गया है। बीएमसी सागर में भर्ती युवक को सिर व शरीर में आई गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण अभी तक होश नहीं आया है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों एवं परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।














