छतरपुर,अशोक नामदेव। धोडन बांध (दौड़न बांध) प्रभावित क्षेत्र के चौदह गांवों के हजारों विस्थापित शुक्रवार को बमीठा खेल मैदान में एकत्र हुए। आप नेता अमित भटनागर के नेतृत्व में ये लोग कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए छतरपुर कूच कर गए। विस्थापितों ने मांग की कि यदि कलेक्टर उन्हें उचित मुआवजा और पुनर्वास का न्याय नहीं देते तो वे प्रधानमंत्री का घेराव करने दिल्ली कूच करेंगे।


सूत्रों के अनुसार दस हजार से ज्यादा लोग बसों में भरकर छतरपुर पहुंचे। विस्थापित परिवार केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत बन रहे धोडन बांध से प्रभावित हो रहे हैं। इन लोगों का आरोप है कि विस्थापन के दौरान उनके अधिकारों की अनदेखी की जा रही है और उचित मुआवजा तथा पुनर्वास पैकेज नहीं दिया जा रहा है।


अमित भटनागर ने विस्थापितों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास की परियोजनाएं जरूरी हैं लेकिन विस्थापितों के हितों की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय प्रशासन जल्दी न्याय नहीं देता तो हजारों लोग दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री कार्यालय का घेराव करेंगे।


बमीठा खेल मैदान से शुरू हुई यह रैली छतरपुर कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ी। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और मांग की कि भू-अधिग्रहण कानून 2013 का सख्ती से पालन किया जाए तथा सभी प्रभावित परिवारों को कानून सम्मत मुआवजा और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।